एसपी सूरज राय के नेतृत्व में बड़ी सफलता STF-पुलिस मुठभेड़ में ₹50 हजार का इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी की मौत

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

उत्तर प्रदेश|बागपत जनपद बागपत में पुलिस अधीक्षक सूरज राय के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ फील्ड यूनिट मेरठ और थाना सिंघावली अहीर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹50 हजार के इनामी कुख्यात बदमाश विपुल उर्फ खूनी पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी ग्राम भभीसा, थाना कांधला, जनपद शामली को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए आरोपी को तत्काल पिलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बागपत रेफर किया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो अवैध .32 बोर पिस्टल, भारी मात्रा में खोखा कारतूस तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने बताया कि विपुल उर्फ खूनी कुख्यात सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, अपहरण, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित 38 संगीन मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में शामली पुलिस ने उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था तथा न्यायालय से उसके गैर-जमानती वारंट भी जारी थे।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2014 में वह चर्चित भीम भभीसा हत्याकांड तथा पवन हत्याकांड में आरोपी रहा। वर्ष 2017 में सहारनपुर के मानपुर गांव की तत्कालीन महिला प्रधान की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। हाल ही में वह रंगदारी के एक मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने अपनी बाइट में कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। एसटीएफ मेरठ और बागपत पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *