मरीज की हालत बिगड़ी, ऑपरेशन पर उठे सवाल; मरियम हॉस्पिटल की जांच शुरू
मुजफ्फरनगर: सरवट रोड स्थित मदीना चौक के मरियम हॉस्पिटल, जो न्यू निजामुद्दीन चैरिटेबल द्वारा संचालित बताया गया है, में एक मरीज के पित्त की थैली (गॉल ब्लैडर) के ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ने और उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिलाध्यक्ष देशराज चौहान ने अस्पताल में नियमों के विरुद्ध इलाज किए जाने के आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देशराज चौहान को सूचना मिली थी कि अस्पताल में पित्त की थैली का ऑपरेशन किसी पंजीकृत सर्जन के बजाय एक टेक्नीशियन द्वारा किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल दूसरे अस्पताल में रेफर किए जाने की बात सामने आई।
मामले की जानकारी मिलने पर देशराज चौहान के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम, स्थानीय पुलिस और एलआईयू की टीम ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया।
देशराज चौहान का आरोप है कि अस्पताल में बीएएमएस डॉक्टर खुद को बाल रोग एवं महिला रोग विशेषज्ञ बताकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्होंने अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, जांच करने पहुंचे डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अस्पताल का पंजीकरण वैध पाया गया है। हालांकि निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई सर्जन और ड्यूटी डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। जांच टीम ने अस्पताल प्रशासन से ऑपरेशन करने वाले सर्जन तथा वहां कार्यरत डॉक्टरों की डिग्री और मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज मांगे, जिन्हें तत्काल प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जांच के दौरान अस्पताल में अन्य कमियां भी सामने आने की बात कही गई है। डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर सभी डॉक्टरों की योग्यता और मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अस्पताल के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बाइट:
देशराज चौहान, जिलाध्यक्ष — अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद/बजरंग दल
डॉ. प्रशांत कुमार, डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (अस्पताल पंजीयन), मुजफ्फरनगर
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

