आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान से कुपोषण मुक्त बचपन तक, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुजफ्फरनगर, 08 सितंबर 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान, नव-नियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र वितरण, मानदेय में वृद्धि तथा कुपोषण से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का मुजफ्फरनगर में सजीव प्रसारण किया गया।

जनपद स्तर पर कार्यक्रम जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र स्थित मानेकशॉ सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन और अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना। इस दौरान कपिल देव अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने 1 आंगनबाड़ी कार्यकत्री और 14 सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। वहीं 50 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 50 सहायिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सैम/मैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए 25 बच्चों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का योगदान राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : कपिल देव अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश के बच्चों को स्वस्थ, सुपोषित और संस्कारित बनाने के साथ ही भावी पीढ़ी की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना संक्रमण के कठिन दौर में भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने पूरी जिम्मेदारी, साहस और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी परिवार के योगदान और समर्पण को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उनके हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किए जाने की घोषणा की गई है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि साड़ी के लिए मानदेय में वृद्धि के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत कैशलेस उपचार जैसी सुविधाएं भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाती हैं।

कुपोषण के खिलाफ अभियान में आंगनबाड़ी तंत्र की अहम भूमिका
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही मजबूत समाज की नींव है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और माताओं तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकत्रियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में सैम/मैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों को सम्मानित किए जाने को कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार यह दर्शाता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच रहा है और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं पूरी मेहनत के साथ अपने दायित्व निभा रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी एवं नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मानदेय वृद्धि, स्वास्थ्य सुविधाओं और कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य घोषणाओं पर शुभकामनाएं दीं तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ बचपन और सशक्त समाज के निर्माण में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

