मुजफ्फरनगर में 17 सितंबर की रात होगी किसान महापंचायत, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे राकेश टिकैत; MSP समेत कई मुद्दों पर होगा मंथन
मुजफ्फरनगर में 17 सितंबर की रात जीआईसी मैदान में प्रस्तावित किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। साउथ की तर्ज पर पहली बार रात में आयोजित होने वाली इस महापंचायत को लेकर भारतीय किसान यूनियन की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंगलवार शाम भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत अपने समर्थकों के साथ जीआईसी मैदान पहुंचे और आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली।
राकेश टिकैत ने बताया कि महापंचायत में किसानों से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें MSP गारंटी कानून, बिजली-पानी की समस्या, गन्ने के दाम में बढ़ोतरी और आलू किसानों को राहत जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव 500 से 600 रुपये के बीच होना चाहिए। महापंचायत में गन्ने के दाम से जुड़े इस मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
17 सितंबर की रात से शुरू होगी बैठकों की श्रृंखला
चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि 17 सितंबर की रात होने वाली महापंचायत को एक महत्वपूर्ण शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। इसके बाद किसानों के मुद्दों को लेकर 20 से 25 और बैठकें आयोजित की जाएंगी। हालांकि, आगे होने वाली बैठकें दिन के समय होंगी।
उन्होंने साफ किया कि जीआईसी मैदान में होने वाली महापंचायत मुजफ्फरनगर जिले के किसानों की महापंचायत होगी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ इसमें पहुंचेंगे।
जिलेवार बैठकों का लिया गया निर्णय
राकेश टिकैत के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की ओर से अब जिलेवार बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश में किसान संगठनों की ओर से करीब 15 से 18 कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।
इन कार्यक्रमों के तहत बुंदेलखंड और पूर्वांचल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों के बीच बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों की शुरुआत मुजफ्फरनगर से होने जा रही है।
जीआईसी मैदान में तैयारियां तेज
17 सितंबर की रात होने वाली महापंचायत को लेकर जीआईसी मैदान में तैयारियां जारी हैं। मंच, किसानों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग के साथ-साथ बिजली और पानी जैसी व्यवस्थाओं को लेकर काम किया जा रहा है।
महापंचायत में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ आगामी बैठकों और किसान संगठनों के कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #RakeshTikait

