खतौली में 10 दिन से लापता युवक का सड़ा-गला शव ईख के खेत में मिला, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए

मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के गांव भैंसी में 29 अगस्त से लापता 24 वर्षीय अतुल पुत्र संत्रपाल का सड़ा-गला शव मंगलवार सुबह हाईवे के पास ईख के खेत से बरामद होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में रोष है, जबकि परिजनों ने पुलिस पर युवक की तलाश में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

बताया गया कि अतुल के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। ग्रामीणों और परिजनों ने दो दिन पहले मुजफ्फरनगर एसएसपी से भी मुलाकात कर अतुल की तलाश कराने की मांग की थी।

मंगलवार सुबह भैंसी हाईवे के पास ईख के खेत में ग्रामीणों को एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहचान होने पर शव अतुल का निकला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, अतुल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #Crime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *