बेटी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: पिता और सौतेली मां गिरफ्तार
अनुज त्यागी
शामली। कांधला कस्बे में 18 वर्षीय हिना की मौत के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में पड़ोसी युवकों पर हत्या का आरोप लगाकर पेश किया गया था, वह परिवार के भीतर रची गई साजिश निकली। पुलिस के अनुसार, हिना की हत्या उसके पिता और सौतेली मां ने पारिवारिक बदनामी के डर और उसके चाल-चलन पर शक के चलते की थी।
एक जुलाई को मोहल्ला इलियास नगर स्थित घर में हिना का शव कमरे के पंखे से लटका मिला था। घटना के बाद पिता अहसान ने पड़ोस के एक युवक और उसके साथी पर घर में घुसकर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवती की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने परिवार से गहन पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला सामने आ गया।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, पहली पत्नी की वर्ष 2020 में मौत के बाद अहसान ने 2021 में दूसरा निकाह किया था। पुलिस का कहना है कि सौतेली मां को हिना के एक युवक से बातचीत पर आपत्ति थी और इसी को लेकर दोनों ने हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों छोटे बेटों को मदरसे भेज दिया गया। घर में हिना अकेली थी। आरोप है कि सौतेली मां ने उसके पैर पकड़ लिए, जबकि पिता ने दुपट्टे और फिर हाथों से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया।
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद पिता ने पड़ोसियों पर झूठा आरोप लगाया और मृतका के नाना से भी पड़ोसी युवक अकरम व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत कराने की कोशिश की। जांच का दायरा बढ़ने पर आरोपी परिवार कैराना में रिश्तेदारी के यहां चला गया और पंजाब या हरियाणा भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पिता और सौतेली मां के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

