56 साल के उमर अब्दुल्ला ने 49 वर्षीय पत्रकार निधि राजदान संग रचाई शादी, एक्स पर तस्वीरें शेयर कर लिखा- कल एक नए सफर की शुरुआत हुई
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (56) ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान (49) के साथ शादी कर ली है। उमर अब्दुल्ला ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों की तस्वीरें साझा कर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत का ऐलान किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “कल एक नए सफर की शुरुआत हुई।”

दोनों के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाएं चल रही थीं। निधि राजदान इससे पहले भी उमर अब्दुल्ला के सार्वजनिक कार्यक्रमों और अक्टूबर 2024 में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में नजर आई थीं।
दिल्ली में 71 खास मेहमानों के लिए रिसेप्शन
शादी के बाद शनिवार को दिल्ली के पृथ्वीराज रोड स्थित जम्मू-कश्मीर हाउस में खास डिनर और रिसेप्शन का आयोजन किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके लिए 71 चुनिंदा मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया। इनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, महबूबा मुफ्ती, कपिल सिब्बल समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के नाम शामिल हैं।

पहली पत्नी पायल नाथ से इसी साल हुआ तलाक
गौरतलब है कि उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल नाथ से 1 सितंबर 1994 को हुई थी। दोनों वर्ष 2009 से अलग रह रहे थे। लंबे समय तक चला तलाक का मामला आखिरकार 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में आपसी सहमति के आधार पर समाप्त हुआ।

इसके करीब तीन महीने बाद उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ अपने नए रिश्ते का ऐलान किया है। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
#OmarAbdullah #NidhiRazdan #JammuKashmir #PoliticalNews #RajsattaPost
