मुजफ्फरनगर में ‘ऑपरेशन चक्रवात’ से अपराधियों पर शिकंजे की तैयारी, पूर्व अपराधियों को दिलाई अपराध न करने की शपथ

मुजफ्फरनगर। जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रवात’ के तहत विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत थाना सिविल लाइन में एसपी सिटी अमृत जैन ने पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को अपराध से दूर रहने और कानून के रास्ते पर चलने की शपथ दिलाई।

इस दौरान सभी लोगों ने हाथ उठाकर भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने तथा कानून का पालन करने का संकल्प लिया। पुलिस का यह अभियान एक ओर जहां अपराधियों पर निगरानी रखने की रणनीति का हिस्सा है, वहीं दूसरी ओर पूर्व में अपराध से जुड़े रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने का प्रयास भी है।

एसपी सिटी अमृत जैन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की निगरानी करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करना भी है।

त्योहारों और सर्दियों को देखते हुए बढ़ेगी निगरानी

आगामी त्योहारों और सर्दियों के मौसम को देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी भी तेज कर दी है। रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही चोरी, लूट और डकैती जैसी घटनाओं में संलिप्त रहे अपराधियों का अपडेटेड डोजियर तैयार किया जा रहा है।

इसके तहत चिन्हित चोरों, लुटेरों और डकैतों के मोबाइल नंबर, वर्तमान गतिविधियों और उनके संपर्क में रहने वाले साथियों से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।

अपराध होने से पहले रोकथाम पर पुलिस का जोर

मुजफ्फरनगर पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन चक्रवात’ का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना, रात्रि गश्त को मजबूत करना और चोरी, लूट तथा डकैती जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

इस अभियान के जरिए पुलिस अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ संभावित आपराधिक गतिविधियों को पहले ही रोकने की रणनीति पर काम कर रही है। पुलिस की इस पहल से साफ है कि आगामी दिनों में जिले में पुराने अपराधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed