दिल्ली की महारैली को लेकर सपा ने मुजफ्फरनगर में बनाई रणनीति, संजय राठर ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

मुजफ्फरनगर। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महारैली को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद संजय राठर मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां सपा कार्यालय पर उन्होंने जिलाध्यक्ष, स्थानीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर महारैली की तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली की महारैली में शामिल कराने की रणनीति तैयार की गई। संजय राठर ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान संजय राठर ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाना सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग, ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं पर सरकार का प्रभाव बढ़ने से लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने भाजपा पर चुनावी प्रक्रियाओं के साथ खिलवाड़ करने और वोट चोरी जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। संजय राठर ने कहा कि समाजवादी पार्टी जमीन से लेकर बूथ स्तर तक मजबूती के साथ मुकाबला कर रही है। उनके मुताबिक, हालिया चुनावों में भाजपा के खिलाफ जनता का असंतोष सामने आया है और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी अधिक सीटों के साथ जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की महारैली में लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इस रैली के माध्यम से विपक्षी दल अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, विधायक पंकज मलिक, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, पूजा अंबेडकर सहित समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed