विधायक पंकज मलिक बोले- लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए दिल्ली की महारैली में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे सपा कार्यकर्ता

मुजफ्फरनगर। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद संजय लाठर शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां सपा कार्यालय पर उन्होंने जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, चरथावल विधायक पंकज मलिक सहित स्थानीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली की महारैली में पहुंचाने को लेकर रणनीति तैयार की गई।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने बताया कि महारैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ नेता संजय लाठर मुजफ्फरनगर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद से 50 बसें और 200 से अधिक कारें दिल्ली ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे और बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर जिले के सभी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में महारैली में शामिल होंगे।

वहीं चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की जनता महंगाई, तानाशाही और सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को जिंदा रखने और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस महारैली में हिस्सा लेकर अपनी ताकत दिखाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed