रामपुर तिराहे के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी स्कॉर्पियो, पांच दोस्त घायल; तीन हायर सेंटर रेफर
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा मार्ग पर रामपुर तिराहे के पास रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के सोनीपत से शामली और पानीपत होते हुए घूमने निकले पांच दोस्तों की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना छपार पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 तथा एंबुलेंस की मदद से रेस्क्यू कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

सीओ सदर सुनील कुमार के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:15 बजे थाना छपार पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर तिराहे के पास हाईवे से नीचे उतरते समय हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो कार संख्या HR 51 CR 5564 अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
हादसे के बाद कार में सवार लोग घायल अवस्था में फंसे हुए थे। पुलिस ने डायल-112 और एंबुलेंस कर्मियों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान रोहताश, देवेंद्र, मोंटी, नीर और रोहित के रूप में हुई है। सभी घायल नागल खुर्द, जनपद सोनीपत, हरियाणा के निवासी बताए गए हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की तत्परता से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और हादसे के संबंध में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
BYTE — सुनील कुमार, सीओ सदर
#Muzaffarnagar #RajsattaPost #AnujTyagiPost

