मुजफ्फरनगर: शेरनगर के आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, हॉस्पिटल सील; गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही का आरोप
मुजफ्फरनगर। शहर के शेरनगर क्षेत्र में संचालित आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए हॉस्पिटल को सील कर दिया है। मामला गर्भवती महिला के उपचार में कथित लापरवाही और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत से जुड़ा है। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा जांच के लिए बोर्ड गठित किया है। जांच रिपोर्ट तीन दिन के भीतर मांगी गई है।
पीड़ित परिवार के रंजीत सिंह ने बताया कि उनकी पुत्रवधू को उपचार के लिए आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर लाया गया था। परिवार के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक महिला का उपचार किया गया। इस दौरान दवाइयां दी गईं, लेकिन महिला की हालत में सुधार होने के बजाय बिगड़ती चली गई। आरोप है कि महिला को दौरे पड़ने लगे और गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई।
रंजीत सिंह का कहना है कि यदि सेंटर पर महिला का उचित उपचार संभव नहीं था तो परिजनों को पहले ही दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सेंटर की ओर से महिला के वहां आने और उपचार कराने से इनकार किया जा रहा है, जबकि इलाज के लिए 5 हजार रुपये ऑनलाइन जमा किए गए थे। परिवार का दावा है कि उनके पास भुगतान से संबंधित साक्ष्य भी मौजूद हैं।
परिजनों के मुताबिक, यह घटना 10 तारीख की है। इसके बाद 20 तारीख को जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग ने गठित किया जांच बोर्ड
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अशोक ने बताया कि शेरनगर में आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर के नाम से एक घर के अंदर छोटा हॉस्पिटल संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत में महिला की डिलीवरी और बाद में मेरठ ले जाने के दौरान बच्चे की मौत का मामला सामने आया था।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी मामले की जांच कराई गई थी, लेकिन शिकायतकर्ता उस जांच से संतुष्ट नहीं थे। इसी कारण अब दोबारा जांच के लिए बोर्ड गठित किया गया है। संबंधित चिकित्सक आयुर्वेद पद्धति में पंजीकृत बताए गए हैं, इसलिए जांच बोर्ड में आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।
तीन दिन में मांगी रिपोर्ट, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अधिकारी अशोक के अनुसार, जांच बोर्ड को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि सेंटर पर किन दवाइयों का इस्तेमाल हुआ, महिला का उपचार किस पद्धति से किया गया और वहां किस आधार पर हॉस्पिटल संचालित किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि घर के एक कमरे में इस तरह हॉस्पिटल संचालित करना उचित नहीं है। एलोपैथिक पद्धति में पंजीकृत चिकित्सकों के विरुद्ध सीएमओ कार्यालय और आयुर्वेदिक चिकित्सकों के विरुद्ध आयुर्वेद विभाग कार्रवाई करता है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि पूर्व की जांच रिपोर्ट में महिला के भर्ती होने अथवा ओपीडी में उपचार कराने से संबंधित साक्ष्य नहीं मिले थे। हालांकि, परिवार के पास ऑनलाइन भुगतान या अन्य कोई प्रमाण है तो उसे जांच बोर्ड के सामने प्रस्तुत किया जा सकता है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर को सील कर दिया है। अब जांच बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में उपचार के दौरान लापरवाही और अन्य आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
#Muzaffarnagar #HealthDepartment #HospitalNews #RajsattaPost
