शराब ठेके में तोड़फोड़ मामले में ग्राम प्रधान पति समेत 5 गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव दहचंद में शराब के ठेके पर तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान पति समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना चरथावल पुलिस ने की।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को दहचंद गांव स्थित देशी शराब व कंपोजिट शॉप में कुछ लोगों ने जबरन घुसकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि उपद्रवियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे, एलईडी स्क्रीन, इन्वर्टर, आबकारी विभाग की पीओएस मशीन तथा कैंटीन में रखी शराब को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर सेल्समैनों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर थाना चरथावल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने शनिवार को गांव दहचंद से आशु, अमित, राजवीर, अशोक और सुशील को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सुशील ग्राम प्रधान का पति बताया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक परविंद्र कुमार, उपनिरीक्षक आयुष्मान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *