विकास त्यागी की सुरक्षा हटवाने की ‘साजिश’ का आरोप, बोले- मुझे डराने की कोशिश बेकार
सहारनपुर (देवबंद)। बजरंग दल नेता विकास त्यागी ने अपनी सरकारी सुरक्षा हटवाने के लिए कथित तौर पर साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि सहारनपुर जिले का एक प्रभावशाली व्यक्ति लखनऊ में अधिकारियों को उनके संबंध में गलत फीडबैक देकर उनकी सुरक्षा वापस करवाने का प्रयास कर रहा है। विकास त्यागी ने स्पष्ट कहा कि उन्हें सरकारी सुरक्षा की कोई लालसा नहीं है और शासन-प्रशासन जब चाहे उनकी सुरक्षा वापस ले सकता है, लेकिन वह राष्ट्रहित और धर्महित से जुड़े मुद्दों को उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।
विकास त्यागी के मुताबिक, सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद से जुड़े विवाद को उन्होंने प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा भी उन्होंने पहले कई संवेदनशील मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाई थी। उनका कहना है कि इन मुद्दों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किए गए आकलन के बाद उन्हें सरकारी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने इस पूरे प्रकरण के संदर्भ में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से संयुक्त राष्ट्र में दिए गए बयान का भी उल्लेख किया।
विकास त्यागी ने कहा कि उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी केंद्रीय गृहमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर जो भी निर्णय सरकार और शासन-प्रशासन का होगा, वह उसे स्वीकार करेंगे, लेकिन किसी के दबाव में आकर अपने विचार और मुद्दे उठाने का काम बंद नहीं करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी सुरक्षा हटवाने के लिए अधिकारियों को गलत जानकारी दे रहे हैं और उनके ऊपर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विकास त्यागी ने कहा कि उन्हें इस तरह की कोशिशों से डराया नहीं जा सकता। वह आगे भी राष्ट्रहित और धर्महित से जुड़े मुद्दों को पूरी निडरता के साथ उठाते रहेंगे।
शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाएंगे शिकायत
विकास त्यागी ने बताया कि कथित तौर पर उनकी सुरक्षा हटवाने के लिए दबाव बनाने और गलत फीडबैक दिए जाने के मामले को लेकर वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे।
उन्होंने कहा कि वह संबंधित लोगों की शिकायत शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाएंगे, ताकि उनके खिलाफ कथित रूप से की जा रही गतिविधियों की जानकारी जिम्मेदार लोगों तक पहुंच सके।
परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
विकास त्यागी ने अपने बयान में अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी उन लोगों की होगी, जो कथित तौर पर अधिकारियों को गलत फीडबैक देकर उनकी सुरक्षा हटवाने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल विकास त्यागी की ओर से लगाए गए आरोपों पर संबंधित व्यक्ति अथवा अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका है। मामले में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
राजसत्ता पोस्ट
#VikasTyagi #Deoband #Saharanpur #BajrangDal #UttarPradesh #RajsattaPost
