चरथावल देहात में सफाई व्यवस्था ठप्प, जाम होने से नालियों की गंदगी सड़क पर फैली से ग्रामीणों मे भारी रोष 
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल देहात अंतर्गत मोहल्ला आलमनगर में स्वच्छ भारत अभियान की हकीकत ज़मीनी स्तर पर बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। क्षेत्र में नियमित सफाई न होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं। नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल रहा है, जिससे आमजन का चलना-फिरना दूभर हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं होने गंदगी जमा होने के कारण, जलनिकासी हुई ठप्प,नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह फैले कीचड़ के कारण फिसलन बनी रहती है, जिससे हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि नालियों में भरी गंदगी और रुके हुए पानी से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद न तो सफाई कराई जा रही है और न ही जलनिकासी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारियों से मांग की है कि मोहल्ला आलमनगर में तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को गंदगी और बीमारियों से राहत मिल सके।

