देहरादून | उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, कोहरा और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड में आज से मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में हल्की बारिश के साथ बर्फ गिर सकती है। वहीं बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना ज्यादा है। रविवार को दिन में धूप खिली रही, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ेगी। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 11 फरवरी तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।

