ट्रामाडोल तस्करी गिरोह पर STF का शिकंजा, एक और आरोपी गिरफ्तार; अब तक पांच की गिरफ्तारी

हरिद्वार। उत्तराखंड में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। संयुक्त कार्रवाई में STF ने गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य फारूख को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फारूख पुत्र महबूब निवासी ग्राम भारापुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसटीएफ के अनुसार, मई 2026 में STF/ANTF और मंगलौर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इस संबंध में थाना मंगलौर में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना STF देहरादून को सौंपी गई थी।

जांच के दौरान बैंक खातों के लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के जरिए गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। विवेचना में पता चला कि पूर्व में गिरफ्तार अंकित कुमार प्रजापति मुख्य आरोपी सचिन मनिहाल से SPASMORE (Tramadol) कैप्सूल प्राप्त कर जनवरी 2026 से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध सप्लाई कर रहा था। कैप्सूल की बिक्री से मिलने वाली रकम में से कमीशन काटकर शेष धनराशि नकद और बैंक खातों के माध्यम से मुख्य आरोपी तक पहुंचाई जाती थी।

एसटीएफ की जांच में सलमान और फारूख समेत अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, फारूख अपने साथी के साथ प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की अवैध सप्लाई में शामिल था। मई में बरामद किए गए 18 हजार कैप्सूल के मामले में भी उसकी भूमिका सामने आने के बाद बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

जांच में नशा तस्करी के संगठित गिरोह के रूप में काम करने के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 भी बढ़ाई गई है। STF अब आरोपियों के बैंक खातों, आर्थिक लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है।

एसटीएफ ने आमजन से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस या एसटीएफ के साथ साझा करने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

#Haridwar #UttarakhandPolice #DrugSmuggling #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *