मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: कार में जिंदा जले 6 लोग, एक महिला भी शामिल; हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले बताए जा रहे मृतक

मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास हरियाणा से मुजफ्फरनगर की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल टूट गया और कार दूसरी तरफ जाकर पलट गई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत कार सवार छह लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसपी ग्रामीण अक्षय संजय, सीओ फुगाना नरेंद्र यादव और तितावी थाना प्रभारी जयबीर चौधरी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।

दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इसके बाद कार में फंसे छह लोगों के शव बाहर निकलवाए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

#Muzaffarnagar #RoadAccident #Haryana #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *