चरथावल की शांति और सम्मान सर्वोपरि गौरव त्यागी, नगर पंचायत अध्यक्ष से निष्पक्ष भूमिका निभाने की अपील
मुजफ्फरनगर। नगर पंचायत चरथावल के पूर्व एवं भावी अध्यक्ष प्रत्याशी गौरव त्यागी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जिनके घर खुद काँच के होते हैं, वे दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंका करते। चरथावल की शांति, सम्मान और सामाजिक सौहार्द सर्वोपरि है।
गौरव त्यागी ने नगर पंचायत चरथावल के अध्यक्ष महोदय से विनम्र आग्रह किया कि वे इस पूरे प्रकरण में किसी एक पक्ष या पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि पूरे चरथावल के अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने लिखा कि चरथावल हमारा परिवार है और यहां के सभी नागरिक हमारे अपने हैं। ऐसे समय में जब दो परिवारों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ है, अध्यक्ष की जिम्मेदारी झगड़े को बढ़ावा देने की नहीं, बल्कि उसे शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की होनी चाहिए।
गौरव त्यागी ने कहा कि जब अध्यक्ष महोदय के ऊपर संकट आया था, तब पूरा चरथावल उनके साथ खड़ा था। मुजफ्फरनगर दंगों जैसे कठिन दौर में भी चरथावल की एकता और आपसी भाईचारे ने मिसाल कायम की थी। ऐसे में आज यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति उत्पन्न हो गई कि मामला इस हद तक पहुंच गया और धारा 307 जैसे गंभीर आरोपों की नौबत आ गई?
उन्होंने कहा कि उनकी दोनों परिवारों के प्रति पूरी सहानुभूति है। दोनों ही चरथावल के नागरिक हैं और दोनों को न्याय मिलना चाहिए। उनका किसी के पक्ष या विपक्ष में खड़े होने का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनकी प्राथमिकता चरथावल की शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा है।
गौरव त्यागी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन चरथावल का सामाजिक सौहार्द उससे कहीं बड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अध्यक्ष महोदय अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित करेंगे, निष्पक्षता से मामले को समझेंगे और इस विवाद का ऐसा समाधान निकालेंगे, जिससे किसी के साथ अन्याय न हो और चरथावल की फिजा भी खराब न हो।
अंत में उन्होंने सभी से मिलकर चरथावल को विवादों का नहीं, बल्कि भाईचारे और एकता का प्रतीक बनाने की अपील की।
गौरव त्यागी
पूर्व एवं भावी अध्यक्ष प्रत्याशी
नगर पंचायत चरथावल
#Muzaffarnagar #Charthawal #SocialHarmony #RajsattaPost
