अखिलेश को अमित शाह और योगी का डर: कपिल देव, बोले- भाजपा सरकार का मजबूत जनाधार विपक्ष की बेचैनी का कारण
मुजफ्फरनगर। मखियाली चेक पोस्ट स्थित अर्णव बैंक्वेट हॉल में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरि
कों ने भाग लिया। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता आज भी सपा शासनकाल की अव्यवस्थाओं, भ्रष्टाचार, गुंडाराज, लूटपाट, सांप्रदायिक दंगों, आगजनी और महिलाओं के विरुद्ध हुए अत्याचारों को भूली नहीं है। उस समय प्रदेश की कानून-व्यवस्था किस स्थिति में थी, यह किसी से छिपा नहीं है। प्रदेश की जनता ने लंबे समय तक भय और असुरक्षा का वातावरण देखा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। भाजपा सरकार ने अपराध और अराजकता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। आज उत्तर प्रदेश निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मंत्री कपिल देव ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के लखनऊ में दिए गए संबोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मजबूत जनाधार और संगठन की शक्ति विपक्षी दलों की बेचैनी का कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गृह मंत्री के बयान से डरे हुए हैं। भाजपा सरकार की मजबूती को अंगद के पैर के समान बताते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितना प्रयास कर ले, प्रदेश की जनता का विश्वास और भाजपा का मजबूत संगठन अपने संकल्प से पीछे हटने वाला नहीं है।

कपिल देव ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर भी राजनीतिक कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को भाजपा की मजबूत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ रणनीति से लगातार चुनौती मिल रही है। विपक्ष विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करने के बजाय भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब खोखले वादों के बजाय विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है।
मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ सभी को विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।

ये रहे मौजूद
दीपावली मिलन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री, मंडल प्रभारी विकास पंवार, कार्यक्रम संयोजक हरेंद्र पाल, सह-संयोजक विशाल खोखर, चेयरमैन शंकर सिंह भोला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय सागर, महामंत्री सुशील गोयल, नरेश प्रजापति सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#Muzaffarnagar #KapilDevAgarwal #BJP #UPPolitics #RajsattaPost
