दीपावली पर किसानों को उत्तम शुगर मिल का तोहफा, गन्ना भुगतान खातों में भेजा; खाईखेड़ी से तुगलपुर-कम्हेड़ा बस स्टैंड तक सड़क गड्ढामुक्त कराने का आश्वासन

मुजफ्फरनगर। दीपावली के अवसर पर खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल की ओर से किसानों को राहत देते हुए गन्ने का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में भेज दिया गया है। मिल का शुभारंभ 1 नवंबर को हुआ था और 3 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान किसानों के खातों में भेजे जाने की जानकारी दी गई है।

इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने किसानों की एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या को लेकर उत्तम शुगर मिल के जीएम विकास ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाईखेड़ी से तुगलपुर-कम्हेड़ा बस स्टैंड तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत का मुद्दा उठाया गया। किसान नेताओं ने बताया कि सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है, जिसके कारण गन्ना लेकर आने वाले किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसान नेताओं ने मांग की कि गन्ना पेराई सत्र के दौरान किसानों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सड़क को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त कराया जाए। इस पर उत्तम शुगर मिल के जीएम विकास ठाकुर ने आश्वासन दिया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करा दिया जाएगा, जिससे किसान बिना किसी परेशानी के अपना गन्ना मिल तक पहुंचा सकेंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व प्रधान हरिओम त्यागी, जिला संगठन मंत्री संजय त्यागी, जिला सचिव एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पुरकाजी धर्मवीर सिंह त्यागी तथा खाईखेड़ी निवासी संदीप त्यागी सहित अन्य किसान शामिल रहे।

किसान नेताओं ने उम्मीद जताई कि मिल प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासन पर जल्द अमल होगा और किसानों को खराब सड़क की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed