पिन्ना बाईपास पर पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 25 मुकदमों वाला ताहिर गिरफ्तार; गोली लगने से शाहनवाज घायल, तीसरा साथी भी दबोचा
मुजफ्फरनगर। जनपद में ट्रांसफॉर्मर और ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी सूरज कुमार राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत 3 नवंबर को पिन्ना बाईपास के पास पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कॉम्बिंग अभियान के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा शातिर अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 25 मुकदमे दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा में सवार तीन संदिग्ध दिखे
सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि 3 नवंबर को थाना कोतवाली नगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खेतों की तरफ से एक ई-रिक्शा आता दिखाई दिया, जिसमें तीन लोग सवार थे। पुलिस ने ई-रिक्शा को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोग ई-रिक्शा मोड़कर तेजी से भागने लगे। इस दौरान ई-रिक्शा पलट गया और तीनों आरोपी उसे मौके पर छोड़कर खेतों की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम को उनके बदमाश होने का संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस के मुताबिक, चेतावनी के बावजूद आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।
शाहनवाज घायल, आरिश और ताहिर भी गिरफ्तार
पुलिस ने घायल अवस्था में शाहनवाज पुत्र मोहम्मद रफीक उर्फ भोला निवासी चमारान खादरवाला, थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया, जिसमें उसके दो अन्य साथी आरिश पुत्र जिंदा निवासी इमामबाड़ा के बराबर वाली गली, चमारान खादरवाला और ताहिर पुत्र यासीन निवासी मोहल्ला जैन नगर, कस्बा खतौली को भी गिरफ्तार कर लिया।
घायल शाहनवाज को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का संबंध विद्युत उपकरण और ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वाले गिरोह से है।
ताहिर पर 25 मुकदमे, आरिश चार दिन पहले जेल से आया था बाहर
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया है कि शाहनवाज के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। आरिश के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है और वह चार दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। वहीं, ताहिर के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 25 मुकदमे दर्ज हैं। ताहिर को पुलिस ने शातिर किस्म का अपराधी बताया है।
ट्रांसफॉर्मर और मोटर की कॉइल समेत चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और मौके से ट्रांसफॉर्मर की कॉइल, मोटर की कॉइल, विद्युत तार, एक ई-रिक्शा, अवैध शस्त्र और नगदी बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद होने की जानकारी दी है।
ट्यूबवेलों और ट्रांसफॉर्मरों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और जनपद के अलग-अलग स्थानों पर ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण तथा ट्रांसफॉर्मरों से सामान चोरी करने की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों, गिरोह के नेटवर्क और उसके साथ जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है।
नगर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस पूरी कार्रवाई के संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी दी।
