चरथावल में निर्माणाधीन मकान की शिकायत करने पर किसान पर धारदार हथियारों से हमला, चार के खिलाफ FIR दर्ज

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे के मोहल्ला मुर्दापट्टी में निर्माणाधीन मकान की शिकायत करने के विवाद में एक किसान पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल किसान की तहरीर पर चरथावल पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला मुर्दापट्टी निवासी इसरार पुत्र मंजुर पेशे से किसान हैं। इसरार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे वह अपने घर से दूसरे मकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरताज के मकान के पास मोड़ पर तसलीम उर्फ लाल्ला पुत्र मुस्तफा दौड़कर उनके सामने आ गया।

आरोप है कि तसलीम ने इसरार के साथ गाली-गलौज करते हुए कहा कि उसने तालाब के पास निर्माणाधीन मकान की शिकायत की थी, इसलिए अब उसकी खैर नहीं है। इसके बाद तसलीम ने शोर मचाकर पहले से मकान पर मौजूद अपने साथियों वसीम पुत्र मुस्तफा, जुनेद पुत्र तसलीम और आरिफ पुत्र वसीम को मौके पर बुला लिया।

इसरार के अनुसार, चारों आरोपी उनकी तरफ दौड़कर आए तो वह तसलीम की पकड़ से छूटकर भागने लगे, लेकिन आरोपियों ने ताहिर पुत्र नाजर के मकान के सामने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में इसरार जमीन पर गिर पड़े। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर धारदार हथियारों से वार किए।

शोर सुनकर पड़ोस के ताजीम पुत्र आकिल और मेहराज पुत्र इस्लामुद्दीन मौके पर पहुंचे तथा घायल इसरार को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

मामले में थाना चरथावल पुलिस ने तसलीम उर्फ लाल्ला, वसीम, जुनेद और आरिफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 352, 3(5), 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। FIR संख्या 0206 वर्ष 2026 में दर्ज इस मामले की जांच उपनिरीक्षक आयुषमान शर्मा को सौंपी गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *