मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़: थार कार पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी हर्ष त्यागी घायल

मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा हाईवे पर थार कार पर फायरिंग करने की घटना का छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी हर्ष त्यागी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी उज्जवल शर्मा को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पानीपत-खटीमा हाईवे पर स्कॉर्पियो और बलेनो कार सवार अज्ञात लोगों ने देवबंद क्षेत्र के ग्राम तिगरी निवासी सद्दाम पुत्र मोहतसीम की थार कार पर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना छपार में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके लिए थाना छपार पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया था। जांच में एसओजी टीम को भी शामिल किया गया।

रामपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान सामने आई संदिग्ध स्कॉर्पियो

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 2 और 3 नवंबर की मध्यरात्रि थाना छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम रामपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।

इसके बाद पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो का पीछा किया। वाहन पानीपत-खटीमा हाईवे पर चढ़कर रई जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ गया। कुछ दूरी आगे जाकर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद गाड़ी में सवार दोनों युवक नीचे उतरकर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

इस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस टीम ने कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

25 हजार का इनामी हर्ष त्यागी निकला घायल आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष त्यागी पुत्र दीपक त्यागी निवासी साकेत कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर और उज्जवल शर्मा पुत्र विशाल शर्मा निवासी इंद्रा कॉलोनी, एसबीआई एटीएम वाली गली, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर के रूप में की है। दोनों की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल हुआ हर्ष त्यागी 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जनपद में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी उज्जवल शर्मा के खिलाफ भी थाना छपार में दर्ज मुकदमे का उल्लेख किया गया है।

दो अवैध हथियार और स्कॉर्पियो बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पूछताछ में थार कार पर फायरिंग की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 25 अक्टूबर को पानीपत-खटीमा हाईवे पर सद्दाम की थार कार पर फायरिंग करने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर घूम रहे थे और घटना के बाद भी फरार रहने की कोशिश में थे। इसी दौरान पुलिस चेकिंग में उनकी स्कॉर्पियो सामने आ गई।

हर्ष त्यागी के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, घायल एवं इनामी आरोपी हर्ष त्यागी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर, सिविल लाइन, मंसूरपुर, नई मंडी, देवबंद और छपार में आर्म्स एक्ट, बीएनएस की धाराओं, हत्या के प्रयास सहित अन्य मामलों में कुल सात मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज बताया गया है। इनमें गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है।

वहीं, उज्जवल शर्मा के खिलाफ थाना छपार में थार कार पर फायरिंग की घटना से संबंधित मुकदमा दर्ज बताया गया है।

एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण, एसपी सिटी अमृत जैन के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार और थाना छपार प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम में थाना छपार के उपनिरीक्षक सुधीर चन्द, शुभम चौहान, पवन कुमार तथा एसओजी के उपनिरीक्षक अजय प्रसाद गौड़ और रोहित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हाईवे पर हुई फायरिंग की इस घटना के खुलासे को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

 

राजसत्ता पोस्ट की अपील

त्यागी भूमिहार समाज के नाम पर सामाजिक संगठन चलाने वाले सभी अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों से विनम्र निवेदन है कि समाज के युवाओं की दिशा और दशा पर विशेष ध्यान दें।

समाज में यदि कुछ युवा गलत रास्ते की ओर बढ़ रहे हैं, तो उन्हें नजरअंदाज करने के बजाय प्यार, समझदारी और मार्गदर्शन के साथ सही और गलत का फर्क समझाएं। उन्हें शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच से जोड़कर सही राह पर लाने का प्रयास करें।

सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी केवल कार्यक्रम आयोजित करने और पदों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज की युवा पीढ़ी का भविष्य संवारना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

युवा पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ेगी, तभी समाज का भविष्य मजबूत और गौरवशाली बनेगा।

#Muzaffarnagar #MuzaffarnagarPolice #PoliceEncounter #CrimeNews #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed