मुजफ्फरनगर में भाजपा नेता जय भगवान शर्मा के घर चोरी करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल गिरफ्तार, दूसरा फरार
मुजफ्फरनगर। शहर की बच्चन सिंह कॉलोनी में भाजपा नेता जय भगवान शर्मा के बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का नई मंडी पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। सोमवार को पचेंडा रोड स्थित प्लेटिनम रिसोर्ट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की दो संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाब हैदर पुत्र चांद मियां उर्फ हसन निवासी न्याजूपुरा, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान आफताब पुत्र दिलशाद निवासी न्याजूपुरा के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग और दबिश दे रही है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक पर गैस सिलेंडर लेकर जा रहे थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी ऋषभ देव शर्मा ने थाना नई मंडी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी, दो गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 508/2026 धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था।
सोमवार 2 नवंबर को थाना नई मंडी पुलिस पचेंडा रोड पर प्लेटिनम रिसोर्ट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक दिखाई दिए। बाइक पर एक गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो दोनों आरोपी मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर छोड़कर ईख के खेत में घुस गए। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में नवाब हैदर घायल हो गया, जबकि उसका साथी आफताब मौके से फरार हो गया।
तमंचा, कारतूस, चोरी का सिलेंडर और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा चोरी किया गया एक गैस सिलेंडर, घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की काली एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों से भरा बैग भी बरामद हुआ है। बैग में प्लास, हथौड़ी और सरिया सहित अन्य सामान मिला है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
देहरादून से चोरी की बाइक से करते थे वारदात
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नवाब हैदर ने अपने साथी आफताब के साथ मिलकर 29 और 30 अक्टूबर की रात बच्चन सिंह कॉलोनी की गली नंबर आठ में बंद पड़े मकान को निशाना बनाया था। आरोपी ने बताया कि बरामद गैस सिलेंडर उसी मकान से चोरी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने यह भी बताया कि वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल करीब एक महीने पहले देहरादून से चोरी की गई थी। इसी बाइक का इस्तेमाल वे चोरी और नकबजनी की घटनाओं में करते थे। चोरी किया गया अन्य सामान पहले ही बेचने की बात भी आरोपी ने पूछताछ में बताई है। घटना के बाद दोनों आरोपी गैस सिलेंडर बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपी पर कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, नवाब हैदर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सहारनपुर जनपद के सदर बाजार, देवबंद, जनकपुरी और कुतुबशेर सहित विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना नई मंडी मुजफ्फरनगर में भी उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
इन अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्रा ने किया।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा, उपनिरीक्षक संदीप सिंह धारीवाल, उपनिरीक्षक अनुभव चौधरी सहित थाना नई मंडी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी आफताब की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में बरामदगी और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
#Muzaffarnagar #MuzaffarnagarPolice #PoliceEncounter #CrimeNews #UPPolice #RajsattaPost
