मुजफ्फरनगर: रिलायंस स्मार्ट बाजार की चॉकलेट में मिले कीड़े, बच्चों की तबीयत बिगड़ने का आरोप; खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल, जांच के लिए लैब भेजी चॉकलेट
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी रिंग रोड स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार में बिक रही चॉकलेट में कीड़े मिलने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। ग्राहक अमजद सैफी ने आरोप लगाया कि बाजार से खरीदी गई चॉकलेट खाने के बाद उनके बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद स्टोर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे।
अमजद सैफी के मुताबिक, उन्होंने शाम को रिलायंस स्मार्ट बाजार से बच्चों के लिए चॉकलेट खरीदी थी। रात में बच्चों ने चॉकलेट खाई तो उन्हें खांसी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद चॉकलेट को खोलकर देखा गया तो उसके अंदर छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। यह देखकर उन्होंने बच्चों को चॉकलेट खाने से रोक दिया।
पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन वह अन्य लोगों के साथ दोबारा स्मार्ट बाजार पहुंचे और वहां रखे चॉकलेट के पैकेट व डिब्बियां खुलवाकर जांच की तो कुछ अन्य चॉकलेट में भी कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
मामले की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रिलायंस स्मार्ट बाजार पहुंची। टीम ने मौके पर चॉकलेट के नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया। अब लैब की रिपोर्ट से चॉकलेट की गुणवत्ता और उसमें कीड़े मिलने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, अमजद सैफी का कहना है कि उनके बच्चों की तबीयत अभी भी ठीक नहीं है और वह उन्हें डॉक्टर के पास लेकर जा रहे हैं। उन्होंने स्टोर प्रबंधन पर शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर, रिलायंस स्मार्ट बाजार के मैनेजर विवेक शर्मा ने इस मामले में बयान देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि कंपनी की ओर से उन्हें इस संबंध में बयान देने की अनुमति नहीं है।
फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चॉकलेट के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। अब सभी की निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही चॉकलेट की गुणवत्ता और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
