स्कूली बच्चों से मारपीट के बाद गांव में फायरिंग का आरोप, अभिभावकों ने जताया जान का खतरा, पुलिस जांच में जुटी
राजसत्ता पोस्ट l असलम त्यागी
।मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के क्यामपुर गांव में स्कूल से लौट रहे छात्र-छात्राओं को रास्ते में रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। अभिभावकों ने पुलिस को शिकायत देकर बच्चों की सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, क्यामपुर के बच्चे सहदेव स्मारक इंटर कॉलेज, लुकादड़ी में पढ़ते हैं। यह कॉलेज सहारनपुर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में है। 3 नवंबर 2026 को दूसरी पारी की परीक्षा देकर बच्चे गांव लौट रहे थे।
आरोप है कि मुश्किपुर मार्ग पर रईस के मैदान के पास भटपुरा निवासी उत्तम पुत्र नीरज और उसके साथियों ने बच्चों को रोक लिया। उन्होंने बच्चों के साथ गाली-गलौच और मारपीट की।
शिकायत में उत्तम का पहले का आपराधिक रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। इसमें पिछले साल गांव में कक्षा 10 के एक छात्र की हत्या के मामले का भी जिक्र है।
अभिभावकों का आरोप है कि शाम करीब 4 बजकर 10 मिनट पर आरोपी क्यामपुर पहुंचे और अमरदीन व तासीन पुत्रगण चांद खान के मकान के पास अवैध हथियारों से फायरिंग की। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कहा कि वे रात में दोबारा आएंगे और स्कूल आते-जाते समय बच्चों को फिर निशाना बनाएंगे। कुछ ग्रामीणों ने घटना देखी, ऐसा शिकायतकर्ताओं का कहना है।
अभिभावकों ने पुलिस से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर जुल्फी महतान समेत ग्रामीणों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।
थाना चरथावल के प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने कहा कि जांच की जा रही है।
