दीपावली से पहले मुजफ्फरनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 220 किलो मिठाई में मिले कीड़े, मौके पर कराई गई नष्ट

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को विभागीय टीम ने शहर के मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार में बिक्री के लिए रखी करीब 220 किलो रस माधुरी में कीड़े मिलने पर हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पूरी मिठाई को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कूकड़ा स्थित गोपाल जी स्वीट्स पर भी निरीक्षण किया और वहां से खोया का नमूना जांच के लिए लिया। इसके अलावा जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार से रस माधुरी का नमूना भी संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान मिठाई में कीड़े पाए जाने पर विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 220 किलोग्राम रस माधुरी नष्ट करा दी।

गौरतलब है कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को भी आदर्श कॉलोनी स्थित रिलायंस रिटेल के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की थी। यहां कैडबरी बॉर्नविले चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत सोशल मीडिया पर सामने आई थी। शिकायत के बाद विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान से चॉकलेट का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था।

यह अभियान सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार भी मौजूद रहे। विभाग ने गोपाल जी स्वीट्स, नेहा मिष्ठान भंडार और रिलायंस रिटेल से लिए गए तीनों नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के मद्देनजर विभाग का अभियान जारी है। त्योहार पर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।

#Muzaffarnagar #FoodSafety #Diwali #UPNews #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed