उत्तम शुगर मिल खाईखेड़ी ने किसानों को दी बड़ी राहत, 5 नवंबर तक आपूर्ति किए गए गन्ने का भुगतान खातों में भेजा
मुजफ्फरनगर। उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड, खाईखेड़ी ने पेराई सत्र 2026-27 के दौरान किसानों को भुगतान के मामले में राहत देते हुए 5 नवंबर तक आपूर्ति किए गए गन्ने का भुगतान किसानों के बैंक खातों में भेज दिया है। मिल प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर तक आपूर्ति किए गए गन्ने का भुगतान पहले ही किसानों के खातों में भेजा जा चुका है। वहीं धनतेरस के अवसर पर 4 और 5 नवंबर को आपूर्ति किए गए गन्ने का भुगतान भी आज ही किसानों के बैंक खातों में प्रेषित कर दिया गया है।
उत्तम शुगर मिल खाईखेड़ी का पेराई सत्र 1 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है। मिल प्रबंधन का कहना है कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए गन्ना भुगतान की प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि किसानों को समय से उनकी उपज का मूल्य मिल सके।
मिल के यूनिट हेड विकास ठाकुर ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष गन्ने के मूल्य में भी अच्छी वृद्धि होगी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे अपना गन्ना इधर-उधर न डालें और न ही किसी अन्य मिल को आपूर्ति करें। किसान अपना संपूर्ण गन्ना उत्तम शुगर मिल, खाईखेड़ी को ही आपूर्ति करें।
मिल प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि किसानों का हित सर्वोपरि है और किसानों के सहयोग से पेराई सत्र को सफलतापूर्वक संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है।
#Muzaffarnagar #SugarMill #Khairikhedi #SugarcaneFarmers #RajsattaPost
