फर्जी कॉल कर UPI से ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी कॉल के जरिए लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ठगी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने UPI के माध्यम से करीब 30 लाख रुपये की ठगी की है।
गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार पुत्र सतेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सावटू, थाना भौराकलां, मुजफ्फरनगर बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के बैंक खातों में दो माह के भीतर बड़ी धनराशि का लेनदेन हुआ है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी अपराध रविन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में तथा थाना साइबर क्राइम प्रभारी सुल्तान सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

