वर्षों से जलभराव से जूझ रहा सिकंदरपुर–सीकरी मार्ग, गंदे पानी में खाट डालकर ग्रामीणों का अनोखा धरना
मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर–सीकरी मार्ग पर वर्षों से भरे गंदे पानी से परेशान ग्रामीणों का सब्र रविवार को टूट गया। दर्जनभर गांवों को जोड़ने वाले इस रास्ते पर स्थायी जलभराव के चलते रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग मजबूरी में गंदे पानी से होकर आवागमन कर रहे हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर और गंदे पानी में खाट डालकर अनोखा धरना प्रदर्शन शुरू किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से बैंक, अस्पताल, बाजार और तीर्थ स्थल शुकतीर्थ जाने का रास्ता भी जुड़ा है, बावजूद इसके वर्षों से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
धरना प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम जानसठ राजीव भारती ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम भेजी गई है। हालांकि ग्रामीणों ने केवल अस्थायी व्यवस्था का विरोध करते हुए स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहने के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा।
पूर्व ग्राम प्रधान अप्पी का कहना है कि यह मार्ग 15–20 गांवों को जोड़ता है और जिले की सबसे गंभीर समस्याओं में शामिल है। वहीं ग्रामीण महिला मीनाक्षी ने बताया कि रोजाना गंदे पानी से गुजरना मजबूरी बन चुका है और गिरकर घायल होने की घटनाएं आम हो गई हैं।
ग्रामीणों ने साफ किया है कि जब तक सड़क निर्माण और जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

