उत्तरायणी कौथिक महोत्सव के समापन में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, लोक संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज परेड ग्राउंड, देहरादून में सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने लोक कलाकारों, साहित्यकारों, कला-प्रेमियों और बड़ी संख्या में उपस्थित जनता का स्वागत व अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह महोत्सव उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजन लोक संस्कृति को एक सूत्र में पिरोकर भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी और आयोजन समिति को बधाई दी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागर, बेड़ा, मांगल, खुदेड़, छोपाटी जैसे लोकगीत तथा छोलिया, पांडव और झोड़ा-छपेली जैसे लोकनृत्य उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक आत्मा हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चार दिवसीय आयोजन में लगे स्टॉलों के माध्यम से पारंपरिक हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों और उत्तराखण्डी व्यंजनों के प्रदर्शन की भी सराहना की।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ योजना, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होम स्टे, वेड इन उत्तराखण्ड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। किसानों की आय बढ़ाने में राज्य देश में प्रथम स्थान पर रहा है और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी उत्तराखण्ड अग्रणी बनकर उभरा है।

उन्होंने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तराखण्ड को ‘अचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ की श्रेणी मिली है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में राज्य ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। खनन तत्परता सूचकांक में श्रेणी-सी में दूसरा स्थान, लॉजिस्टिक्स परफॉर्मेंस में अचीवर्स श्रेणी और राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मिले पुरस्कार ने राज्य की निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था को प्रमाणित किया है।

पर्यटन क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को बेस्ट वाइल्ड लाइफ और बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन के राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार 2024 में जखोल, हर्षिल, गुंजी और सूपी गांवों को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया है। वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवार्ड में राज्य को ‘वन टू वॉच’ पुरस्कार प्राप्त हुआ है। मत्स्य विकास के लिए 2024 में राज्य को सर्वश्रेष्ठ राज्य का राष्ट्रीय पुरस्कार और हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन में ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम’ का सम्मान मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोक कलाकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सत्यापित सूची के आधार पर कोरोना काल में लगभग 3,200 लोक कलाकारों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी गई। 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध और अस्वस्थ लोक कलाकारों को पेंशन दी जा रही है। गुरु-शिष्य परंपरा के तहत लोक प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जा रहा है।

सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने कहा कि चार दिनों तक चले इस महोत्सव के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और जीवनशैली को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया। पूरे राज्य से लोगों ने इसमें सहभागिता की। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ संस्कृति का संरक्षण आवश्यक है, क्योंकि संस्कृति ही हमारी पहचान है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि वर्तमान नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, विधायक खजान दास, दुर्गेश्वर लाल, अनिल नौटियाल, भोपाल राम टम्टा, सुरेश गढ़िया, सुरेश चौहान, अजेय कुमार, बिशना देवी, अपर्णा जोशी, डीजीपी दीपम सेठ, हेमराज बजरंगी, मधु भट्ट, गीता खन्ना, गीताराम गौड़, विश्वास डाबर, श्याम अग्रवाल, विनोद उनियाल, नेहा शर्मा, हरक सिंह, मुकेश कुमार, ज्योति गैरोला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *