खटीमा में ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बांटे पुरस्कार

बिरिया मझोला खटीमा में स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला नगला तराई खटीमा और उजालिकोट टनकपुर के बीच खेला गया, जिसमें उजालिकोट की टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की।

मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और स्वयं भी क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय मनीष चंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने भारतीय अंडर-19 टीम के विश्व विजेता बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लक्ष्य और संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी अवश्य सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि करियर का सशक्त माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शरीर, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके कारण खेलों का ढांचागत विकास हुआ है। राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतना गर्व की बात है और देवभूमि अब खेल भूमि बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *