SSP सूरज कुमार राय के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, विवादित जमीन पर कब्जे की तैयारी कर रहे 20 आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले कथित संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना भोपा पुलिस ने ऑपरेशन कवच के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के थाना मंगलौर के हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र सिंह समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह तमंचे, एक पिस्टल, दो राइफल, एक दोनाली बंदूक, कारतूस, तलवार, लकड़ी के नौ डंडे और तीन महंगी गाड़ियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में करीब 16 से 17 युवक ऐसे हैं, जो अलग-अलग कॉलेजों में बीए, बीएड और बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को थाना भोपा पुलिस की टीम शुक्रताल चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा घाट के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर करीब 20 से 25 लोग आ रहे हैं। इनके पास अवैध हथियार हैं और ये किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक काले रंग की स्कॉर्पियो एन, एक स्कॉर्पियो क्लासिक और एक थार आती दिखाई दीं। पुलिस ने तीनों गाड़ियों को रोककर उनमें सवार लोगों को नीचे उतारा और तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस, तलवार और लकड़ी के डंडे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से सभी 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र सिंह पुत्र तेजपाल सिंह निवासी ग्राम खेड़ा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार उत्तराखंड शामिल है। पुलिस के अनुसार सुरेंद्र सिंह थाना मंगलौर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गौरव पुत्र ब्रजवीर सिंह निवासी भोकरहेड़ी थाना भोपा के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में वेदांत निवासी मवाना जिला मेरठ, प्रियांशु निवासी करनाल हरियाणा, सुजीत निवासी अमरोहा, अर्श निवासी भोपा मुजफ्फरनगर, वैदिक निवासी देवबंद सहारनपुर, राजेंद्र सिंह निवासी भोकरहेड़ी मुजफ्फरनगर, वंश निवासी बनत शामली, विपिन निवासी अंकित विहार नई मंडी मुजफ्फरनगर, आर्यन निवासी मेरठ, हर्षित पटवाल निवासी दिल्ली, आर्यन जावला निवासी बड़ौत बागपत, उज्जवल रावत निवासी लक्सर हरिद्वार, सागर भारद्वाज निवासी बड़ौत बागपत, हर्ष निवासी अमरोहा, साहिल सिंह सामंत निवासी पिथौरागढ़ उत्तराखंड, श्रीजन शुक्ला निवासी गोरखपुर, मानस निवासी झज्जर हरियाणा और अनंत प्रताप सिंह निवासी बाराबंकी, हाल निवासी इंदिरानगर लखनऊ शामिल हैं।
हथियारों और तीन गाड़ियों का जखीरा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह तमंचे 315 बोर, एक पिस्टल 32 बोर और पांच जिंदा कारतूस, एक पोनिया राइफल 22 बोर मैगजीन सहित पांच कारतूस, एक फैक्ट्री मेड दोनाली बंदूक 12 बोर और 20 जिंदा कारतूस, एक फैक्ट्री मेड राइफल 315 बोर और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक तलवार मय म्यान और नौ लकड़ी के डंडे भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने मौके से तीन गाड़ियां भी बरामद की हैं, जिनमें काले रंग की स्कॉर्पियो एन नंबर HR 30 AE 6839, काले रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक नंबर UK 07 HQ 788 और काले रंग की थार नंबर UK 07 HJ 5877 शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया विवादित जमीनों पर कब्जे का मामला
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे आपस में संगठित होकर मुजफ्फरनगर के खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। जिन जमीनों के स्वामित्व या कब्जे को लेकर विवाद चल रहा होता है, उन पर अवैध रूप से कब्जा करने और अपने पक्ष में कब्जा बरकरार रखने के लिए एक साथ रहते हैं। विरोध होने की स्थिति में दबाव बनाने और लोगों को भयभीत करने के उद्देश्य से अपने पास हथियार रखते हैं।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी बिजनौर क्षेत्र की विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने के उद्देश्य से जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रताल चौकी क्षेत्र में भोपा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के बताए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आने वाली अन्य जानकारियों से भी अवगत कराया जाएगा।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने दी कार्रवाई की जानकारी
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि 15 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर थाना भोपा पुलिस ने शुक्रताल चौकी क्षेत्र में कार्रवाई की थी। तीन गाड़ियों में सवार होकर जा रहे करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हरिद्वार के थाना मंगलौर का हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र सिंह भी शामिल है, जिसके खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं भोकरहेड़ी निवासी गौरव के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छह तमंचे 315 बोर, एक पिस्टल 32 बोर, एक पोनिया राइफल 22 बोर, एक दोनाली बंदूक 12 बोर, एक राइफल 315 बोर, बड़ी संख्या में कारतूस, एक तलवार और तीन गाड़ियां बरामद हुई हैं। पूछताछ में आरोपियों के एक संगठित गिरोह के रूप में काम करने और खादर क्षेत्र की विवादित जमीनों पर कब्जे से जुड़े तथ्य सामने आए हैं।
एसपी ग्रामीण ने यह भी बताया कि गिरफ्तार 20 आरोपियों में से करीब 16 से 17 युवक विभिन्न कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं। कोई बीटेक, कोई बीएड तो कोई बीए की पढ़ाई कर रहा है। मामले में अभी और जांच की जा रही है।
ऑपरेशन कवच के तहत हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह तथा थाना प्रभारी भोपा आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक चौधरी, सपन चौधरी, पिन्टू चौधरी, साजिद खान, सत्यप्रकाश यादव सहित थाना भोपा के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने इस मामले में थाना भोपा पर मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 धारा 3/5/25/35 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क तथा विवादित जमीनों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
#Muzaffarnagar #MuzaffarnagarPolice #UPPolice #CrimeNews #RajsattaPost
