चरथावल–थानाभवन मार्ग पर सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक गंभीर घायल, CHC मे कराया भर्ती
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल–थानाभवन मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय विश्वांशु प्रताप और उसका साथी मनदीप, दोनों निवासी ग्राम दुधली, बाइक से जा रहे थे।
जब वे चरथावल-थानाभवन मार्ग पर ग्राम नगला राई के पास स्थित एक भट्टे के नजदीक पहुंचे, तो उनके आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तेज गति और ट्रक से कम दूरी होने के कारण बाइक सवार विश्वांशु प्रताप वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बाइक ट्रक से टकराकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों युवक जमीन पर जा गिरे।
हादसे में बाइक चालक विश्वांशु प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मनदीप बाल-बाल बच गया। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग व राहगीर बड़ी संख्या में जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को चरथावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

