गुरु पूर्णिमा पर किड्ज़ी न्यू मंडी में ‘मेरी प्रथम भाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन, नन्हे बच्चों ने जीता सभी का दिल

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ज़ी नेटवर्क द्वारा संचालित किड्ज़ी न्यू मंडी विद्यालय में “मेरी प्रथम भाषण प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, मंच संचालन की क्षमता और गुरु के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने गुरुजनों के सम्मान में प्रेरणादायक भाषण, कविताएँ, श्लोक और प्रेरक विचार प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशिका श्रीमती चारु भारद्वाज ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, संस्कार और शिक्षा के महत्व को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को नई दिशा देते हैं।

विद्यालय की समन्वयक श्रीमती सौम्या अरोड़ा ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरु के प्रति सम्मान, आदर और कृतज्ञता का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को अपने जीवन में गुरु के मार्गदर्शन का सम्मान करने और उनसे प्राप्त ज्ञान को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन विद्यालय की अकादमिक इंचार्ज श्रीमती प्रीति त्यागी ने किया। वहीं, कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था एवं सफल संचालन सुश्री सना के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों तथा सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाले ऐसे रचनात्मक एवं संस्कारमूलक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *