65 वर्षों की ऐतिहासिक परंपरा का बना साक्षी कासमपुर खोला का दंगल, चौ. रविंद्र सिंह गुर्जर ने कराया शुभारंभ
मिरापुर। मिरापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कासमपुर खोला स्थित उजली देवी मां भगवती मंदिर परिसर में आयोजित 65वें ऐतिहासिक एवं पौराणिक खेल दंगल का दूसरे दिन भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर तथा पहलवानों के हाथ मिलवाकर पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया। उनके आगमन पर आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
अपने संबोधन में चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि भारत की पारंपरिक दंगल संस्कृति केवल खेल नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, अनुशासन और युवाओं को स्वस्थ जीवन की प्रेरणा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की 65 वर्षों से इस गौरवशाली परंपरा को निरंतर जीवंत बनाए रखने के लिए सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
दंगल में दिल्ली, बिजनौर, शुक्रताल, भुम्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण पांच महिला पहलवानों की भागीदारी रही, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
करीब ढाई हजार खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और कुश्ती प्रेमियों की मौजूदगी से पूरा दंगल मैदान उत्साह से सराबोर रहा। पारंपरिक मुकाबलों का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विनोद कोहली, अमित शास्त्री, पंकज प्रधान, सोनू शर्मा, ज्ञान सिंह, राहुल कुमार, बालकराम, वीरेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मास्टर मदनपाल सिंह ने किया।

