UGC के खिलाफ हरिद्वार से दिल्ली तक जल यात्रा शुरू, जंतर-मंतर पर होगा समापन,फिर वही होगा धरना प्रदर्शन
हरिद्वार। त्यागी भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी के नेतृत्व में UGC और आरक्षण व्यवस्था के मुद्दे को लेकर हरिद्वार से दिल्ली तक जल यात्रा शुरू कर दी गई है। हरिद्वार में गंगा घाट से गंगा जल लेकर यात्रा दिल्ली के लिए रवाना हुई।
अक्षु त्यागी ने UGC को लेकर कहा, “UGC काला कानून था, ये हमारे बच्चों के भविष्य को बिगाड़ने वाला और सवर्ण समाज के भविष्य को बिगाड़ने वाला कानून है।” उन्होंने कहा कि आरक्षण की व्यवस्था जाति के आधार पर नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति के आधार पर होनी चाहिए।
अक्षु त्यागी ने कहा कि गंगा मैया के चरणों से जल लेकर दिल्ली तक यात्रा की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि गंगा जल से स्नान कराकर उनकी बुद्धि शुद्ध करने का प्रयास किया जाएगा।
जंतर-मंतर पर पहुंचेगी जल यात्रा
अक्षु त्यागी ने बताया कि हरिद्वार से शुरू हुई जल यात्रा दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचकर समाप्त होगी। यात्रा के समापन के बाद जंतर-मंतर पर धरना शुरू किया जाएगा, जहां UGC और आरक्षण से संबंधित मांगों को लेकर आवाज उठाई जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने सवर्ण समाज के लोगों से इस यात्रा को अधिक से अधिक समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
बड़ी संख्या में त्यागी समाज के लोग मौजूद
जल यात्रा के दौरान त्यागी भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय संयोजक सुनील त्यागी, त्यागी समाज के दिग्गज नेता बोबी त्यागी, सोनू त्यागी, बहन ममता त्यागी और रामपाल त्यागी समेत बड़ी संख्या में त्यागी समाज के लोगों की मौजूदगी रही।
इस दौरान लोगों के हाथों में “UGC ROLL BACK” लिखी तख्तियां भी नजर आईं। यात्रा में शामिल लोगों ने UGC से संबंधित मांगों को लेकर अपना समर्थन जताया।
राष्ट्रीय संयोजक सुनील त्यागी ने समाज के लोगों से एकजुट होकर यात्रा को समर्थन देने की अपील की। वहीं, त्यागी समाज के दिग्गज नेता बोबी त्यागी भी यात्रा में शामिल रहे और उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर एकजुटता के साथ सहयोग करने की अपील की।
अक्षु त्यागी ने कहा कि यात्रा का कोई निर्धारित समय नहीं है और रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों द्वारा स्वागत किए जाने के साथ यह यात्रा आगे बढ़ेगी। हरिद्वार से शुरू हुई यह यात्रा दिल्ली के जंतर-मंतर तक जाएगी, जहां यात्रा के समापन के बाद धरना शुरू किया जाएगा।
राजसत्ता पोस्ट द्वारा प्रस्तुत यह खबर कार्यक्रम में दिए गए वक्ताओं के बयानों पर आधारित है।
#RajsattaPost #TyagiSamaj #TyagiBhumihar #UGC #UGCRollBack #Reservation #UPNews

