मां नन्दा जात यात्रा में आस्था के साथ सुरक्षा का संकल्प, देव डोलियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही पुलिस और SDRF

देहरादून/उत्तराखंड। प्रचलित श्री राजराजेश्वरी मां नन्दा जात यात्रा में श्रद्धालु आस्था और भक्ति से सराबोर होकर देव डोलियों के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। पहाड़ की कठिन चढ़ाइयों, गधेरों, दुर्गम पहाड़ी पगडंडियों और संकरे रास्तों से होकर गुजर रही इस पावन यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस एवं SDRF के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ संभाल रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर पुलिसकर्मी देव डोलियों के साथ पैदल चलते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पुलिस बल लगातार यात्रा मार्ग पर सक्रिय है और भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने में जुटा हुआ है।

दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए SDRF के जवान भी पूरी तैयारी के साथ तैनात हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच SDRF कर्मी यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

यात्रा के दौरान देव डोलियों एवं श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम वाले पड़ाव स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस बल एवं SDRF की तैनाती की गई है। इन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिससे रात्रि विश्राम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में आगे बढ़ती रहे।

यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में पुलिसकर्मी लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने और मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।

मां नन्दा की पावन जात यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। देव डोलियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे पुलिस एवं SDRF के जवान यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं।

#RajsattaPost #Uttarakhand #NandaJaatYatra #Police #SDRF

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed