मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, उत्तराखंड के विकास के लिए रखे कई अहम प्रस्ताव
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं पर प्रधानमंत्री से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां और सीमित वित्तीय संसाधन प्रदेश के विकास के सामने कई चुनौतियां प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग राज्य के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने राज्य के हित में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री को भेंट किए उत्तराखंड की लोककला और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बदरी घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की।
कनेक्टिविटी और हवाई सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय एवं सीमित वित्तीय संसाधनों वाले राज्य को EAP Capping से छूट प्रदान करने का अनुरोध किया। इसके अलावा चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण और सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मांगा।
कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया गया।
रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रेक टनल निर्माण, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे एवं स्वीकृति, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग का अनुरोध किया गया।
किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने की मांग
स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक की स्थापना किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर में किए जाने का अनुरोध प्रधानमंत्री से किया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों के विकास तथा ऊर्जा, जल विद्युत और पेयजल परियोजनाओं में केंद्र सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया।
कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ और SASCI के तहत 9500 करोड़ की सहायता पर जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये तथा SASCI के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने RDSS योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति, चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर ATC टावर की व्यवस्था और चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने के लिए भी धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन, देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन एवं वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग तथा आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया।
ऋषिकेश में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इसके अलावा चोपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी तैयार कर विस्तृत गाइडलाइंस भी जारी की हैं।
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। इनमें पौड़ी गढ़वाल का बेलकेदार क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल का अंजनीसैंण एवं टिहरी क्षेत्र तथा चम्पावत के लोहाघाट और श्यामलाताल को शामिल किया गया है।
शीतकालीन यात्रा और साहसिक पर्यटन को दिया जा रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा शुरू की गई है। GMVN एवं KMVN के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 2026 तक 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा की तथा आदि कैलाश में 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
राज्य में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन साइक्लिंग और कयाकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आदि कैलाश परिक्रमा रन के अंतर्गत हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई है, जबकि माणा घाटी में मैराथन दौड़ प्रस्तावित है।
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। टिहरी झील में सम-एक्रो फेस्टिवल और औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन भी किया गया है।
हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये पहुंचा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ITBP के साथ हुए एमओयू के माध्यम से 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस और 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है।
स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड विकसित किया गया है। इस ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हैं, जिनमें 11 GI टैग एवं IPR से संबंधित हैं।
अमेजन, ONDC, जियो मार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही सभी जनपदों में एक जिला-एक मेला आयोजित करने की दिशा में कार्यवाही की जा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में क्लस्टर विद्यालय और भारत दर्शन कार्यक्रम
शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 331 विद्यालयों का आकलन किया गया है और 93 विद्यालयों के लिए स्वीकृतियां जारी की गई हैं।
भारत दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 379 विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षिक, औद्योगिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया है।
इसके साथ ही उत्तराखंड दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य के प्रमुख वैज्ञानिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।
विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव सम्मेलन में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के प्रभावी अनुपालन के लिए विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और उनके क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
