वैदिक मंत्रोच्चार और जय बद्री विशाल के जयघोषों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बद्रीनाथ धाम के कपाट, 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रात्रि 9:37 बजे संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया, सेना के बैंड की धुनों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भावुक हुए श्रद्धालु
अनुज त्यागी/रविकांत त्यागी
चमोली। उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध चारधामों में शामिल भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट रविवार, 16 नवंबर 2026 को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर निर्धारित शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और सनातन परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के इस पावन और भावुक अवसर का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। भगवान बद्री विशाल के जयघोषों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की बद्रीनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

कपाट बंद होने के अंतिम दिन बद्रीनाथ मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों और पंच पूजा के अंतिम चरण के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी द्वारा भगवान नारायण की विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। इस दौरान घृत-कम्बल अर्पित करने तथा परंपरानुसार माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान करने की धार्मिक परंपरा भी संपन्न कराई गई।
कपाट बंद होने के अवसर पर सेना के बैंड की मधुर धुनों, घंटी-घड़ियालों की गूंज और जय बद्री विशाल के गगनभेदी जयकारों से संपूर्ण बद्रीनाथ धाम भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर भावुक मन से विदाई ली।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे व्यापक इंतजाम
कपाट बंद होने के महत्वपूर्ण आयोजन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशों पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकासी मार्गों सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए थे।
17 नवंबर से शुरू होगी शीतकालीन प्रवास की प्रक्रिया
बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार 17 नवंबर को प्रातः भगवान श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी की प्रतिमाएं भव्य डोली शोभायात्रा के साथ योगध्यान बदरी, पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी विधिवत रूप से ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी।
शीतकाल के दौरान भगवान नारायण की पूजा-अर्चना योगध्यान बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर में संपन्न होगी। इस प्रकार शीतकाल में भी श्रद्धालु निर्धारित शीतकालीन पूजा स्थलों पर पहुंचकर धार्मिक परंपराओं के अनुसार दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस वर्ष 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बद्री विशाल के दर्शन
इस वर्ष 23 अप्रैल 2026 को भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। यात्रा शुरू होने के बाद से ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरी यात्रा अवधि में 23 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस वर्ष बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी आमद के साथ आस्था का नया कीर्तिमान भी स्थापित हुआ। देश की अनेक विशिष्ट हस्तियों, गणमान्य व्यक्तियों के साथ फिल्म, साहित्य, संगीत और खेल जगत की प्रतिष्ठित विभूतियों ने भी भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए।
कपाट बंद होने के अवसर पर ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं विजय कपरवाण, मुख्यमंत्री सलाहकार (बीकेटीसी एवं चारधाम यात्रा) माधव सेमवाल, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल,मानव कल्याण आश्रम के महंत हर्षानंन्द जी महाराज पूर्व धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल एवं भुवन चंद्र उनियाल, वेदपाठी रविन्द्र भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
#BadrinathDham #Uttarakhand #CharDhamYatra #Chamoli #RajsattaPost
