13 साल बाद विकास त्यागी को मिली जमानत, मानकी हिंदू महापंचायत से जुड़ा है मामला

सहारनपुर/देवबंद। वर्ष 2013 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए दंगों के दौरान देवबंद थाना क्षेत्र के ग्राम मानकी में आयोजित बहुचर्चित हिंदू महापंचायत से जुड़े मुकदमे में बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी को करीब 13 साल बाद न्यायालय से जमानत मिल गई है। एमपी-एमएलए/एसीजेएम-चतुर्थ श्रीमती मीनल चावला की अदालत ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली है।

गौरतलब है कि वर्ष 2013 में देवबंद क्षेत्र में हिंदू समाज के लोगों पर हमले और मारपीट की घटनाओं के साथ ही दंगाइयों पर पुलिस से एके-47 राइफल, वायरलेस सेट और सरकारी मोबाइल लूटने तथा सरकारी गेस्ट हाउस में आग लगाने के आरोप लगे थे। इन घटनाओं को लेकर कार्रवाई न होने से नाराज हिंदू समाज के लोगों ने ग्राम मानकी में हिंदू महापंचायत का आयोजन किया था।

उस समय देवबंद पुलिस ने महापंचायत के मुख्य आयोजक विकास त्यागी और सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम सहित 16 लोगों को नामजद करते हुए हजारों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बिना प्रशासनिक अनुमति के हजारों लोगों की भीड़ एकत्र कर महापंचायत आयोजित करने, सरकारी कार्यों में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट करने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व विधायक संगीत सोम पहले ही न्यायालय से जमानत प्राप्त कर चुके हैं। अब मुख्य आयोजक विकास त्यागी को भी अदालत से जमानत मिल गई है।

उल्लेखनीय है कि विकास त्यागी के खिलाफ अन्य मामले भी दर्ज हैं, जो विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। इसके अलावा वह सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामले में भी मुख्य शिकायतकर्ता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *