श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 3.84 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चमोली। हिमालय की गोद में करीब 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुण्ड साहिब एवं पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट आज विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सेना के बैंड की मधुर धुनों, शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास के बीच यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालु ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

 

इस वर्ष 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा में रिकॉर्ड 3,84,573 से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र धाम में मत्था टेका। कपाट बंद होने के अवसर पर गोविंद धाम (घांघरिया) से रागी जत्थे सहित हजारों श्रद्धालु हेमकुण्ड साहिब पहुंचे। इनमें पाकिस्तान से आया 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था भी शामिल रहा।

बर्फ से ढकी सप्तश्रृंग घाटी के मनमोहक नजारों और खुशनुमा मौसम के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में लीन नजर आए। कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सुबह सुखमणी साहिब के पाठ के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद शबद-कीर्तन हुआ और दोपहर में यात्रा की अंतिम अरदास की गई। हुक्मनामा लेने के बाद गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सेना के बैंड की मधुर एवं गौरवशाली धुनों के बीच दीवान हॉल से सचखंड साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद श्री हेमकुण्ड साहिब एवं श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

बर्फबारी और दुर्गम रास्तों के बीच मुस्तैद रही पुलिस-एसडीआरएफ

इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भारी बर्फबारी, बारिश, कड़ाके की ठंड और फिसलन भरे दुर्गम रास्तों जैसी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। इसके बावजूद चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए मुस्तैद रहे।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी गई। कठिन और फिसलन भरे रास्तों पर पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों ने श्रद्धालुओं की मदद की और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित रास्ता पार कराया।

गुरुद्वारा प्रबंधन ने चमोली पुलिस की सराहना की

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मुस्तैदी और कुशल प्रबंधन के लिए गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा एवं वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने चमोली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

ट्रस्ट की ओर से प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त सिंह तथा चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह के कार्यों की विशेष रूप से सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, ग्रंथी हामिद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं ने भी यात्रा के दौरान चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा किए गए सहयोग और सेवाभाव की सराहना की। दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंद श्रद्धालुओं की मदद कर अपनी जिम्मेदारी निभाई।

रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और धार्मिक कार्यक्रमों के बीच श्री हेमकुण्ड साहिब की इस वर्ष की यात्रा का समापन हुआ। अब गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब और श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के दौरान बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed