उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटके, सभी 13 जिलों में महसूस हुई धरती की हलचल; दिल्ली-NCR तक असर

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार देर रात करीब 10:23 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके उत्तराखंड के सभी 13 जिलों—देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर—में महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है।

भूकंप का असर उत्तराखंड के अलावा दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के कई इलाकों में भी महसूस किया गया। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई और इसका केंद्र चमोली क्षेत्र में बताया गया। वहीं शुरुआती जानकारी में भूकंप का असर चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक महसूस किए जाने की बात सामने आई है।

भूकंप के झटके महसूस होने के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय हो गया। संबंधित जिलों में अधिकारियों द्वारा स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए निगरानी रखी जा रही है।

राहत की खबर यह है कि फिलहाल उत्तराखंड समेत प्रभावित क्षेत्रों से किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। किसी बड़े जान-माल के नुकसान की भी जानकारी नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

#RajsattaPost #Uttarakhand #Earthquake #DelhiNCR #UttarakhandNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *