घुटने की कैप में छिपाकर ला रहे थे एक किलो सोने का पेस्ट, मुजफ्फरनगर के दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा साथी फरार
राजसत्ता पोस्ट
लखनऊ । शुक्रवार, 20 नवंबर 2026। सऊदी अरब के जेद्दा से लखनऊ पहुंचे तीन यात्रियों द्वारा सोने की कथित तस्करी का मामला सामने आया है। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों को चकमा देकर बाहर निकले तीन लोगों में से दो को सरोजनीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार दोनों युवक मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.023 किलोग्राम सोने का पेस्ट बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
लखनऊ के सरोजनीनगर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अजय पाल के अनुसार, बुधवार रात उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा शहीद पथ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जेद्दा से सोने की कथित तस्करी करने वाले कुछ लोग एयरपोर्ट से बाहर निकले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान यूपी12सीई9643 नंबर की एक कार दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोग गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद अब्दुल्ला (30) निवासी बागोवाली, थाना नई मंडी और मोहम्मद सम्मून (28) निवासी खुड्डा, थाना छपार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से घुटने पर पहनी जाने वाली दो कैप बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, इन कैप के अंदर विशेष तरीके से सोने का पेस्ट छिपाया गया था। अब्दुल्ला के पास से 505.85 ग्राम और सम्मून के पास से 504.82 ग्राम सोने का पेस्ट मिला। इस तरह कुल 1,010.67 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ।
पुलिस ने सुनार की मदद से पेस्ट को अलग कराया और जांच के लिए नमूने तैयार किए। मामले में फरार तीसरे आरोपी की पहचान अब्दुल के रूप में बताई गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस का दावा है कि इस तस्करी के तार राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश और खाड़ी देशों से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क से हो सकते हैं। शुरुआती जांच में विदेश से आने वाले यात्रियों के माध्यम से सोना भारत लाकर अलग-अलग राज्यों में पहुंचाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
