मुजफ्फरनगर में प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शिव चौक पर की पुष्पवर्षा

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने गुरुवार को मुजफ्फरनगर पहुंचकर कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय जायजा लिया, शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया तथा प्रशासन को यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री सबसे पहले ऐतिहासिक शिव चौक पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कांवड़ यात्रा के सकुशल संपन्न होने की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान शिवभक्तों ने भी ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ प्रभारी मंत्री का अभिवादन किया।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, खोया-पाया केंद्र, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सोमेंद्र तोमर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने विकास भवन सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, कंट्रोल रूम संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी। प्रभारी मंत्री ने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मीनाक्षी चौक से शिव चौक तक पैदल मार्च करते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर बनाए गए शिविरों, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश की यह महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *