पिकअप-बाइक की आमने-सामने की टक्कर, उपचार के दौरान युवक की मौत
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दधेड़ू खुर्द निवासी 21 वर्षीय नासिर पुत्र नसीम शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। जब वह दधेड़ू खुर्द गांव के पास सड़क वाली मस्जिद के निकट पहुंचा, तभी सामने से मुजफ्फरनगर की ओर से थाना भवन जा रही एक पिकअप से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि नासिर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही चरथावल पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया तथा दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, नासिर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

