आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं, उम्रकैद की सजा के खिलाफ याचिका पर 4 जनवरी के बाद होगी सुनवाई

नई दिल्ली। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। राजस्थान हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर मंगलवार (17 नवंबर) को सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई शीतकालीन अवकाश के बाद करने का फैसला किया है।

न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने सुनवाई के दौरान गौर किया कि आसाराम 26 अक्टूबर को पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं। पीठ ने कहा कि मामले की सुनवाई शीतकालीन अवकाश के तुरंत बाद की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट 4 जनवरी को छुट्टियों के बाद दोबारा खुलेगा।

राजस्थान हाईकोर्ट ने बरकरार रखी थी उम्रकैद

दरअसल, राजस्थान के जोधपुर में वर्ष 2013 में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में निचली अदालत ने 25 अप्रैल 2018 को आसाराम को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इस फैसले को आसाराम ने राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

27 मई 2026 को राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने सामूहिक दुष्कर्म और आपराधिक साजिश से जुड़े कुछ आरोपों से उन्हें बरी कर दिया था। इसके बाद आसाराम ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

गुजरात के मामले में भी उम्रकैद की सजा

आसाराम के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर में भी वर्ष 2013 में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में गांधीनगर की अदालत ने वर्ष 2023 में उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। यह मामला वर्ष 2001 से 2006 के बीच अहमदाबाद स्थित आश्रम में एक शिष्या के साथ दुष्कर्म से संबंधित है। इस मामले में उनकी अपील गुजरात हाईकोर्ट में लंबित है।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार की सुनवाई में भी गुजरात के मामले का उल्लेख किया। फिलहाल जोधपुर के नाबालिग से दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा के खिलाफ आसाराम की याचिका पर शीर्ष अदालत में अगली सुनवाई 4 जनवरी के बाद होगी।

#Asaram #SupremeCourt #BreakingNews #RajsattaPost

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *