मुजफ्फरनगर में शिवसेना ने मनाई बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि, शिवसैनिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, हिंदुत्व, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

मुजफ्फरनगर, 17 नवंबर। शिवसेना के संस्थापक एवं हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुजफ्फरनगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिवसेना के जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में शिवसैनिकों एवं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके विचारों, संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे हिंदुत्व, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के प्रखर प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन हिंदू समाज को संगठित करने और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित किया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी लाखों शिवसैनिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे का निर्भीक नेतृत्व और समाज के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा याद किया जाता रहेगा।

बालासाहेब के विचारों से संगठन को मिलेगी मजबूती

शिवसेना के जिला महासचिव देवेंद्र चौहान ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने अपने निर्भीक नेतृत्व और मजबूत विचारधारा के माध्यम से समाज में नई चेतना जागृत की। उन्होंने कहा कि बालासाहेब के आदर्शों पर चलते हुए संगठन को मजबूत बनाना, युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

महिला मोर्चा समाजसेवा और महिला सम्मान के लिए करेगा कार्य

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे निर्भीक, स्पष्टवादी और दृढ़ संकल्प वाले जननेता थे। उन्होंने सदैव मातृशक्ति के सम्मान, समाज की एकता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा महिलाओं को संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाना महिला मोर्चा का प्रमुख उद्देश्य है।

पूनम चौधरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी के नेतृत्व में शिवसेना महिला मोर्चा समाजसेवा, महिला सम्मान और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

शिवसैनिकों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिवसेना के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने उनके संघर्ष, विचारधारा और संगठन के प्रति समर्पण को याद करते हुए समाजहित में कार्य करने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुकेश त्यागी, जिला महासचिव देवेंद्र चौहान, पूनम चौधरी, पूनम चाहल, अंकित कश्यप, संजीव वर्मा, राजन वर्मा, दाताराम, नितिन चौधरी, पवन कुमार, ललित कुमार, प्रभात रावत, विकास ठाकुर, सुभाष चंद, अरविन्द शर्मा, अमित मित्तल, मंगत राम सहित अनेक शिवसैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर शिवसैनिकों ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के विचार सदैव अमर रहेंगे और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *