शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को चरथावल पुलिस ने किया गिरफ्तार,भेजा जेल

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी सत्यनारायण के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को ग्राम कुल्हेड़ी निवासी गुलफाम पुत्र हनीफ ने थाना चरथावल में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बागपत जिले के बालैनी थाना क्षेत्र के ग्राम बसौद निवासी मुरसलीन पुत्र लियाकत ने उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में आरोपी ने अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर युवती को धक्का देकर मौके से फरार हो गया।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना चरथावल में बीएनएस की धारा 69 और 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक नंद किशोर को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर निर्धना मोड़ से आरोपी मुरसलीन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। चरथावल पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *